चंबा। चंबा में नोएडा से लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिसे शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन केंद्र से कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट कर दिया। जहां पर उसे दस दिनों तक चिकित्सीय निगरानी में रखा जाएगा। दस दिनों के बाद दोबारा से उसके रिपीट सैंपल लेकर कोरोना संक्रमण की जांच की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सीय टीमों ने जिला भर से 80 सैंपल एकत्रित किए थे। जिन्हें जांच के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज की पीसीआर लैब में भेजा गया था। वीरवार रात को इन सैंपलों की रिपोर्ट आई। इसमें एक युवक जो नोएडा से लौटा था और चुवाड़ी में संस्थागत क्वारंटीन केंद्र में था। उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। अन्य सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
शुक्रवार को एंबुलेंस के जरिए कोरोना संक्रमित युवक को इलाज के लिए कोविड केयर सेंटर बालू में शिफ्ट किया गया। मौजूदा समय में चंबा में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 11 पहुंच गया है। जबकि 47 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हो चुके हैं। वीरवार को चंबा से पीसीआर लैब में भेजे 143 सैंपलों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।