चंबा। बैंकों की तरह इंडिया पोस्ट भी अपने बचत खाता धारकों को एटीएम कार्ड की सुविधा देना शुरू कर दिया है। अगर आपने इंडिया पोस्ट में बचत खाता खुलवाया है तो आप भी इसकी एटीएम कार्ड सुविधा का फायदा उठा सकते हैं। डाक विभाग के उपभोक्ताओं के लिए अब डाकघरों में ही एटीएम कार्ड देने की सुविधा शुरू कर दी है। पहले डाकघरों में यह सुविधा नहीं थी।
डाक विभाग की ओर से शुरू की गई इस सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों को उपभोक्ताओं को काफी फायदा मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का अगर बचत खाता है तो उसे अपनी नजदीकी डाकघर में ही एटीएम मिल जाएगा। इसके लिए उन्हें जिला मुख्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं रहेगी। डाक विभाग ने उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाने के लिए यह सुविधा शुरू की है। एटीएम कार्ड बनने के बाद उपभोक्ता कहीं भी नकदी निकाल सकेंगे।
डाकघर चंबा के अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि डाकघरों में ही अब एटीएम कार्ड बनाने की सुविधा उपभोक्ताओं को मिलेगी। इसके लिए उपभोक्ताओं को भी जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डाक विभाग की ओर से विभिन्न प्रकार की बचत योजनाएं के तहत उपभोक्ताओं ने खाते खुलवाए हैं। मगर उन्हें पैसों की जरूरत होने पर डाकघर में आकर नकदी निकालनी पड़ती है। मगर अब डाकघर में ही एटीएम कार्ड की सुविधा मिलने से उपभोक्ता कहीं से भी नकदी निकाल सकेंगे।