चंबा। विद्युत उपमंडल धरवाला के तहत बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। बोर्ड ने 160 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार 15 दिन के भीतर उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाना होगा। बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि अगर उपभोक्ता दी गई मोहलत में बिजली बिल जमा नहीं करवाएंगे तो उनका कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिया जाएगा।
नोटिस जारी होने के बाद उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से करीब 18 लाख की राशि वसूलनी है। हालांकि बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को बिल जमा के करवाने के निर्देश दिए हैं लेकिन बोर्ड के निर्देशों को उपभोक्ताओं ने हल्के में लिया है।
इस सूची में कुछ सरकारी विभाग भी शामिल हैं। इन्हें भी नोटिस जारी किए गए हैं। बिजली बोर्ड उपमंडल धरवाला के सहायक अभियंता टीआर ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है।