सिहुंता (चंबा)। जिले के सिहुंता क्षेत्र के किसान इन दिनों दोहरी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। एक तरफ तो बारिश न होने से पानी की समस्या बढ़ी हुई है और दूसरी तरफ खग्गल कूहल का अधूरा निर्माण कार्य उनकी परेशानियों को और बढ़ा रहा है। खग्गल कूहल का निर्माण काफी समय से चल रहा है, लेकिन कुछ महीनों से यह कार्य रुक गया है। इससे क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए बेहाल हैं। किसानों का कहना है कि कूहल के बनने से उनके खेतों में पानी की आपूर्ति नियमित हो जाएगी, जिससे सिंचाई की चिंता खत्म हो जाएगी। यह कूहल ग्राम पंचायत कामला और गरनोटा के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां के लगभग 120 किसान अपनी फसलें जैसे धान, गेहूं और सब्जियां उगाते हैं, जिन्हें सिंचाई के लिए पानी की सख्त जरूरत होती है।
किसान महिंद्र सिंह, माधो राम, कुलदीप कुमार, बिक्रम सिंह, मदन लाल, दौलत राम और बाबू राम का कहना है कि कूहल का निर्माण अगर समय पर पूरा होता है तो वे बारिश पर निर्भर नहीं रहेंगे और उनकी फसलों की पैदावार में भी सुधार होगा। फिलहाल, बारिश की कमी और सिंचाई के पानी की कमी के कारण कई किसान खेती छोड़ने का विचार भी कर रहे हैं।
कूहल का निर्माण कार्य किसानों की फसल की बिजाई के कारण अस्थायी रूप से रोक दिया है। मार्च से पहले इस कूहल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
दिनेश सिंह पठानिया, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग