भरमौर एनएच पर मुगला के पास फेंकी निर्माण सामग्री हटाने के लिए लगाया था चेतावनी बोर्ड
रेाजाना फेंका जा रहे रेत-बजरी और पत्थर, एनएच विभाग के अधिकारी नहीं कर रहे कार्रवाई
बारिश होने पर सड़क पर बन जाता है तालाब, राहगीर और वाहन चालकों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। एनएच पर रखी निर्माण सामग्री जब्त करने की चेतावनी मिलने के बाद लोगों ने वहां लगाए चेतावनी बोर्ड को ही उखाड़ दिया। भरमौर एनएच पर मुगला के पास रोजाना रेत-बजरी और पत्थर फेंके जाने से एनएच को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
इसको लेकर कुछ माह पहले एनएच विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया और जेसीबी लगाकर निर्माण सामग्री को उठाकर नाले में फिंकवाया। साथ ही वहां चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया कि जो भी अब निर्माण सामग्री फेंकेगा तो जब्त कर लिया जाएगा। इसके विपरीत लोगों ने निर्माण सामग्री फेंकना तो बंद नहीं किया लेकिन चेतावनी बोर्ड को ही वहां से उखाड़ कर गायब कर दिया।
हैरानी इस बात की है कि एनएच विभाग के अधिकारी न तो ऐसा करने वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं और न ही वहां फेंकी जा रही निर्माण सामग्री को जब्त किया जा रहा है। इसके चलते लोगों के हौसले सातवें आसमान पर पहुंच चुके हैं। ऐसा कोई दिन नहीं होता, जब वहां पर निर्माण सामग्री न फेंकी गई हो।
रोजाना निर्माण सामग्री फेंके जाने से एनएच की नाली मलबे में दब चुकी है। बारिश होने पर सड़क पर पानी का तालाब बन जाता है। इस बीच वाहन चालकों समेत राहगीरों को वहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। वाहन चालकों में संजय शर्मा, वीर सिंह, महिंद्र सिंह, अनूप कुमार, करण, सुनील और राज सिंह ने कहा कि जिस प्रकार चेतावनी बोर्ड को उखाड़कर सामग्री बेरोकटोक फेंकी जा रही है, उसे देख यही लग रहा है कि अधिकारियों की भी इसमें पूरी मिलीभगत है। अन्यथा सरकारी संपत्ति को तोड़कर गायब करने पर कोई कार्रवाई न हो, ऐसा कभी संभव नहीं हो सकता।
एनएच विभाग के अधिशासी अभियंता मीत कुमार शर्मा ने बताया कि चेतावनी बोर्ड उखाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निर्माण सामग्री फेंकने वालों पर शीघ्र कार्रवाई होगी।
चंबा-भरमौर एनएच पर मुगला के पास उखाड़ कर फैंका गया चेतावनी बोर्ड। संवाद