भाजपा कार्यसमिति सदस्य जय सिंह शिक्षा मंत्री दौरे को लेकर प्रेस वार्ता सम्बोधित करते हुए
बोले- पूरी तरह फ्लॉप रहा शिक्षा मंत्री का तीन दिवसीय चंबा दौरा
पूर्व सरकार में स्वीकृत बजट से बन रहे कार्यों का किया शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का तीन दिवसीय चंबा दौरा फ्लॉप रहा। मंत्री ने कोई नई घोषणा आकांक्षी जिले के लोगों के लिए नहीं की। पूर्व सरकार में शुरू या स्वीकृत हुए कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन ही किए। यह बात भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि सदर के विधायक नीरज नैय्यर मंत्री की परिक्रमा करते नजर आए। उन्होंने भी ऐसी कोई मांग मंत्री से नहीं की जिसका लाभ जनता को हो। साच और प्रोथा स्कूल में जिस बजट से कार्य करवाए जा रहे हैं, वह पूर्व भाजपा सरकार ने दिया था। कांग्रेस सरकार के पास विकास में लगाने के लिए बजट ही नहीं है। ऐसी पहली बार हुआ है कि कोई मंत्री जिले के दौरे पर आया और बिन कुछ दिए वापस चला गया हो। उन्होंने कहा कि जिले में न किसी स्कूल को अपग्रेड करने की घोषणा की गई और न ही नए स्कूल खोलने के बारे में मंत्री जनता को कोई सौगात दे पाए।
सरकार सीबीएसई स्कूल खोलने के नाम पर ठगने का काम कर रही है। जब तक सीबीएसई विषय पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित शिक्षक नहीं होंगे, तब तक इसका कोई भी लाभ बच्चों को नहीं मिल सकता। चंबा में जब स्कूल बंद किए गए तो विधायक ने उसके विरोध में आवाज नहीं उठाई। मसरूंड में स्वीकृत कॉलेज को डिनोटिफाई किया, तब भी चुप रहे। चंबा में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। साहो में शिक्षा मंत्री का इसके लिए घेराव भी किया गया। युवक की हत्या मामले में परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। सलूणी से लापता युवती का आज तक पता नहीं लगा। जिले में बीते सवा तीन साल में 69 स्कूल प्राइमरी तथा माध्यमिक स्कूल बंद किए गए लेकिन कोई भी नया स्कूल नहीं खोला गया।