सिहुंता लाहड़ू मार्ग पर सड़क धँसने के बाद सड़क से गुजरता वाहन : संवाद
सिहुंता-लाहड़ू मार्ग पर वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही हैं दिक्कतें
जरा सी चूक बन सकती है हादसे का कारण, जोखिम में रहती है जान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। सिहुंता-लाहड़ू मार्ग पर बारिश के कारण धंसा सड़क का हिस्सा करीब एक माह बाद भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क का आधे से ज्यादा हिस्सा गिर चुका है।
वाहनों की आवाजाही के लिए विभाग की ओर से महज एक छोटा रास्ता बनाया गया है। इसी संकरे रास्ते से वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। मौके की स्थिति ऐसी है कि यहां से एक साथ दो वाहनों का पास लेना संभव नहीं है। सामने से वाहन आने पर चालकों को बेहद सावधानी बरतनी पड़ती है। जरा सी चूक वाहन को सड़क से नीचे ले जा सकती है और बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश के बाद सड़क का हिस्सा और धंसने की आशंका से वाहन चालक डर के साये में गुजर रहे हैं।
बता दें कि सड़क का हिस्सा धंसने के बाद विभाग ने निरीक्षण कर करीब 50 लाख रुपये की लागत से कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया था लेकिन एक माह बाद भी मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में बरसात के दौरान इस स्थान पर खतरा और बढ़ गया है।
सिहुंता-लाहड़ू मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सड़क है। इस पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क के संकरे हिस्से से गुजरते समय चालकों को वाहनों को किनारे से निकालना पड़ता है। सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी लगातार दबाव में है जिससे किसी भी समय स्थिति और खराब होने की आशंका बनी हुई है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता करनैल सिंह ने बताया कि धंसे हुए हिस्से पर डंगे का दोबारा निर्माण किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।