बोले- तीन सरकारी अस्पतालों ने पुरुष बच्चेदानी के ऑपरेशन से किया इन्कार
कहा- हर बार सदन में झूठ का प्रचार कर जनता को गुमराह कर रहे मुख्यमंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रदेश के तीन बड़े सरकारी अस्पतालों ने लिखित में दिया है भाजपा सरकार के समय में हिमकेयर योजना में किसी भी पुरुष की बच्चेदानी का ऑपरेशन नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सदन में झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। वह चिकित्सा जगत से जुड़े कर्मचारियों का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्हें जनता और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से माफी मांगनी चाहिए। यह बात भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला, टांडा मेडिकल कॉलेज और कमला नेहरू अस्पताल प्रबंधन से आरटीआई के जरिए पूर्व सरकार में हिमकेयर योजना के तहत हुए ऑपरेशन की जानकारी मांगी गई। इसमें जो जानकारी सामने आई है, उसमें दर्शाया गया है कि योजना के तहत सैकड़ों ऑपरेशन जरूरतमंद मरीजों के हुए लेकिन किसी भी पुरुष की बच्चेदानी का ऑपरेशन नहीं हुआ। वह हर बार सदन में यह मुद्दा उठाते हैं कि हिमकेयर योजना के तहत पूर्व सरकार में पुरुष बच्चेदानी के ऑपरेशन हुए जबकि इस बात को लेकर उनके पास कोई सबूत नहीं है। उनके झूठ का पर्दाफाश उस समय हुआ जब तीन बड़े सरकारी अस्पतालों ने योजना के तहत हुए ऑपरेशनों का डाटा जारी किया।