चंबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल चंबा में एमआरआई और सीटी स्कैन मशीनों को स्थापित करने के लिए बिड 25 जुलाई को खुलेगी। उपायुक्त विवेक भाटिया ने एस्पिरेशनल जिला योजना के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी के संजयमूर्ति से दिल्ली से की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लेने के बाद यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अगर यह बिड क्वालीफाई करती है, तो संबंधित कंपनी को इसके 3 महीनों के भीतर मशीनों को स्थापित करना होगा। उन्होंने बताया कि मशीनों की खरीद और उनकी स्थापना के लिए 9 करोड़ की राशि उपलब्ध हो चुकी है।
इसके अलावा के संजय मूर्ति ने चंबा मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण, चंबा मेडिकल कॉलेज के मौजूदा अस्पताल की मरम्मत, जिले में संस्थागत डिलीवरी के सुदृढ़ीकरण और मोबाइल मेडिकल वैन की सुविधा को जल्द शुरू करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सरोल में मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी करेगी। मेडिकल कॉलेज साइट पर 36 पेड़ों को काटने की भी अनुमति मिल चुकी है।
बताया कि जिले में गर्भवती महिलाओं को संस्थागत डिलीवरी की सुविधाएं मुहैया करने के मकसद से जहां दो डिलीवरी प्वाइंट को सुदृढ़ किया जाएगा। वहीं 7 नए डिलीवरी प्वाइंट भी चिह्नित किए गए हैं। यहां संस्थागत डिलीवरी की आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
जिले को जल्द एक मोबाइल वैन मिलने वाली है, इसमें क्षय रोग के नमूने लेने की सुविधा रहेगी। उपायुक्त ने बताया कि सलूणी क्षेत्र में एक शवगृह का निर्माण होगा। इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है।