चुवाड़ी (चंबा)। चुवाड़ी बस स्टैंड से कुठेड़ मार्ग चकाचक होगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।
करीब पचास प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। मार्ग दुरुस्त होने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्हें अब इस मार्ग पर हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। नालियां भी बनाई जाएंगी। इससे मार्ग पर बारिश के दिनों में पानी नही बहेगा।
यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है। अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाया। इसके बाद बजट का प्रावधान किया गया। तीस लाख रुपये की राशि इस कार्य पर खर्च होगी। स्थानीय लोगों में रमेश कुमार, संजय कुमार, देविया राम, राकेश कुमार, कपिल कुमार, बलवंत सिंह, दलजीत सिंह, अमित कुमार और राजकुमार ने कहा कि इस मार्ग पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। इस मार्ग के दुरुस्त होने से लोगों को राहत मिलेगी।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्ष पुरी ने कहा कि तीस लाख रुपये से इस मार्ग का सुधारीकरण किया जा रहा है। पचास प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।