जिला चंबा में चरस का काला कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। जिला में चरस तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ज्यादातर मामलों के तार जिला की चुराह, सलूणी तहसील से जुड़े हुए पाए गए हैं। इससे साफ जाहिर है कि चुराह में अभी भी बड़े पैमाने पर चरस तस्करी का धंधा चल रहा है। पुलिस विभाग समय-समय पर भांग उखाड़ो अभियान चलाता है, जो अभी नाकाफी दिख रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में चंबा-पठानकोट मार्ग पर पुलिस ने सलूणी के एक व्यक्ति से दो किलो पांच सौ साठ ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस को चरस की सप्लाई करने वालों का तो पता चल जाता है, मगर इसकी पैदावार करने वालों तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे हैं।
उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर वीर बहादुर ने बताया कि चरस के काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए जागरूकता अभियान के साथ स्थानीय लोगों का भी सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में पुलिस दोगुने जोश के साथ चरस तस्करों को पकड़ने के लिए मुहिम छेड़ेगी।