चंबा। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच अब संक्रमित बच्चों के लिए बाल कोविड सेंटर की व्यवस्था की जाएगी। इस संदर्भ में जिला बाल संरक्षण इकाई ने महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ मिलकर संयुक्त प्रयास शुरू कर दिए हैं। इस सेंटर में 18 साल से कम आयु तक के बच्चों को कोरोना की चपेट में आने के बाद शिफ्ट किया जाएगा। इस संदर्भ में फाइल को प्रशासन के पास भेज दिया गया है। अब प्रशासन अंतिम निर्णय लेगा।
बाल कोविड सेंटर के रूप में बाल देख-रेख संस्थान का चयन किया जाएगा। व्यवस्था ऐसी बनाई जा रही है कि बाल कोविड सेंटर बनने वाला बाल देख-रेख संस्थान जिला मुख्यालय के नजदीक हो, जिससे बच्चों को केंद्रबिंदु में तुरंत शिफ्ट किया जा सके। वहीं, दूसरी तरफ जिन क्षेत्रों में अगर बच्चों के अभिभावकों की कोरोना महामारी से मौत होती है तो जिला बाल संरक्षण इकाई सहित चाइल्ड लाइन और बाल कल्याण समिति इन बच्चों को संरक्षण प्रदान करेगी। इसके लिए बाकायदा जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से चाइल्ड लाइन और बाल कल्याण समिति के दूरभाष नंबर भी जारी किए गए हैं। यह व्यवस्था भी बच्चों के संरक्षण को लेकर शुरू की गई है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। बहरहाल, बच्चों की सुरक्षा के लिए विभाग ने दूरभाष नंबर जारी किए हैं। इनमें चाइल्ड लाइन का 1098 टोल फ्री नंबर और जिला बाल संरक्षण इकाई के 70180-31843 और 70181-34363 नंबर शामिल हैं।
जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी वाईके मरवाह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 18 साल से कम आयु के कोरोना संक्रमित बच्चों के लिए बाल कोविड सेंटर बनाया जा रहा हैै। कहा कि अगर प्रशासन की ओर से प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो जल्द बाल कोविड सेंटर बना दिया जाएगा। कहा कि कोरोना महामारी के कारण जिन बच्चों के अभिभावकों की मौत हुई है, ऐसे बच्चों को भी संरक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि इस तरह की सूचना विभाग तक पहुंचाएं।