पुलिस के साथ पहुंचे आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक, परिजनों को दी सख्त हिदायत
कहा- लड़की के बालिग होने पर ही करवाएं शादी, नाबालिग के लिए बयान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चुराह उपमंडल की एक पंचायत में बाल विवाह रुकवाने में चाइल्ड लाइन टीम ने सफलता हासिल की है। इस बारे में सूचना बुधवार को सुबह के समय मिली। गुप्त सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने मौके पर दबिश दी।
इस दौरान सामने आया कि उपमंडल में एक 16 वर्ष 11 महीने की एक नाबालिग लड़की की शादी करवाई जा रही है। सूचना यह भी थी कि शादी जबरन करवाई जा रही है। इस संबंध में सीडीपीओ तीसा की और आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां बाल विवाह को रुकवाने में कामयाबी प्राप्त की। परिजनों सहित लोगों की उपस्थिति में लड़की के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। परिजनों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे लड़की की शादी तभी करवाएं जब लड़की बालिग हो जाए। सामने यह भी आया है कि इस शादी के लिए बारात चंबा शहर से आने वाली थी। संबंधित आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की ओर से दुल्हा पक्ष को भी सूचित कर दिया गया है कि लड़की नाबालिग है और यदि यह शादी हो जाती तो दूल्हे सहित दोनों पक्षों के परिजनों पर कार्रवाई की जाएगी। चाइल्ड लाइन समन्वयक कपिल शर्मा ने बताया कि इस बारे सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की सहायता से बाल विवाह रुकवाया गया। कहा कि इस मामले में लड़की नाबालिग थी। संवाद