भटियात, चुराह और भरमौर में करेंगे विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास
तीन जगह होंगे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम
विद्यार्थियों से संवाद और एंटी चिट्टा वॉकथॉन में भी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 3 से 6 नवंबर तक जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह भटियात, चुराह और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सके अलावा जनसभाओं, जनसंवाद कार्यक्रमों और विद्यार्थियों से बातचीत के लिए विभिन्न स्थानों पर पहुंचेंगे। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने मुख्यमंत्री के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम साझा किया।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री 3 नवंबर को सुबह 11:40 बजे चुवाड़ी चौगान में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 5:15 बजे चलामा (ककीरा) में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और स्थानीय लोगों, महिला मंडलों व युवक मंडलों से संवाद करेंगे।
चार नवंबर को सुबह 9:45 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद दोपहर 11:45 बजे भंजराड़ू के कला मंच में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास और जनसभा में शामिल होंगे। शाम छह बजे देहग्रां के मेला मैदान में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम होगा।
पांच नवंबर को सुबह 10 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा में विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। दोपहर 12:05 बजे लिल्ह कोठी महाविद्यालय के खेल मैदान में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास और जनसभा में भाग लेंगे। शाम 5:45 बजे मैहला में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव मैहला में होगा। छह नवंबर को सुबह 10 बजे राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला में विद्यार्थियों से बातचीत करने के बाद मुख्यमंत्री शिमला के लिए रवाना होंगे।