भरमौर (चंबा)। चौरासी मंदिर परिसर में आयोजित छिंज मेले की बड़ी माली सोनीपत के पहलवान विकास के नाम रही। फाइनल मुकाबले में विकास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माली अपने नाम की, जबकि विशाल गरोला उपविजेता रहे। विजेता पहलवान को एक लाख दस हजार रुपये और उपविजेता को 81 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई।
पंचायत सचिव पवन कुमार शर्मा ने बताया कि स्थानीय जातरों के दौरान चौरासी परिसर में छिंज मेले का आयोजन करने की परंपरा रही है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी कुश्ती प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें पंजाब, हिमाचल और चंबा जिले के करीब 100 पहलवानों ने भाग लिया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि चौरासी परिसर में होने वाली प्रत्येक जातर किसी न किसी देवी-देवता या सिद्ध पुरुष को समर्पित होती है। इन जातरों का स्थानीय लोगों में विशेष महत्व है। जातर के दौरान लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होते हैं और धार्मिक परंपराओं के साथ लोक संस्कृति को भी जीवंत रखते हैं। संवाद