चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के आयोजन के लिए चौगान नंबर तीन और चार की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो गई। इसमें चौगान नंबर तीन 15.30 लाख और चार नंबर चौगान 16.30 लाख में नीलाम हुआ जबकि दो नंबर चौगान की नीलामी प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई। दो नंबर चौगान की नीलामी के लिए जब टेंडर खोले गए तो इसमें एक ठेकेदार का टेंडर तकनीकी मापदंड में फेल हो गया। इसके चलते दूसरे टेंडर को नहीं खोला गया। इसके लिए मिंजर मेला कमेटी के चेयरमैन को अवगत करवा दिया गया है।
अब तहबाजारी कमेटी के चेयरमैन से अनुमति लेकर दोबारा चौगान नंबर दो की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करवाया जाएगा। इस बार चौगान नंबर तीन और चार में रिजर्व राशि से ज्यादा अधिक धनराशि मिंजर मेला कमेटी के खाते में नहीं आई है। इसका कारण ठेकेदारों की आपस में जुगाड़बंदी हो सकती है। रिजर्व राशि से मात्र 30 हजार रुपये अधिक बोली लगाकर ठेकेदारों ने चार नंबर चौगान और तीन नंबर चौगान को खरीद लिया। तीन नंबर चौगान में मनोरंजन के लिए झूले लगाए जाएंगे जबकि चार नंबर चौगान में रेहड़ी फड़ी की खुली मार्केट लगाई जाएगी। दो नंबर चौगान में भी अस्थायी मार्केट लगाई जाएगी। लेकिन टेंडर प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने की वजह से दो नंबर चौगान नीलाम नहीं हो पाई है। नागरिक उपमंडल अधिकारी अरुण शर्मा ने बताया कि चार और तीन नंबर चौगान की नीलामी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है जबकि दो नंबर चौगान की नीलामी प्रक्रिया तकनीकी बिड के कारण रद्द हो चुकी है। इसको लेकर मेला कमेटी के चेयरमैन को अवगत करवा दिया गया है। एक या दो दिनों के भीतर दो नंबर चौगान की भी नीलामी प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।