चंबा। पुलिस चौकी सिहुंता की टीम ने छटयाणी गांव में गश्त के दौरान राहगीर के बैग से 418 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान साहबदीन पुत्र गुलाबा निवासी करमुड डाकघर टिकरी तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव में पुलिस टीम गश्त पर थी।
इसी दौरान साहबदीन सिहुंता की तरफ से पैदल आ रहा था। वह पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस टीम ने शक के आधार पर साहबदीन को रोका और उसके बैग की तलाशी ली। इस दौरान बैग के भीतर से 418 ग्राम चरस पुलिस टीम ने बरामद की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही चरस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है आरोपी चरस की इस खेप को कहां लेकर जा रहा था और इसे कहां ले जाने की फिराक में था। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।