बनीखेत (चंबा)। चंबा से पठानकोट जा रही बस में सफर कर रहे एक यात्री को पुलिस ने 395 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बस से चरस को ठिकाने पहुंचाने जा रहा था। मगर बीच रास्ते में नाके पर खड़ी पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके चुवाड़ी थाना में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आरोपी से पकड़ी चरस को भी कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने वीरवार को चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर ढूंढियारा बंगला के पास नाका लगाया था। यहां पर आने-जाने वाले हर वाहन की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चंबा से पठानकोट जा रही बस को पुलिस ने चेकिंग के लिए नाके पर रोका गया।
पुलिस ने जब बस में सफर कर रही सवारियों के सामान की जांच शुरू की तो परवेश कुमार निवासी गांव द्रकेटली हड़बड़ा गया। इससे पुलिस का ध्यान उसकी तरफ गया। पुलिस ने जब उसे अपना सामान चेक करवाने के लिए कहा, तो वह आनाकानी करने लगा। जब पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली तो उससे 395 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चरस को जब्त कर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि चंबा से पठानकोट जा रही बस में पुलिस ने यात्री को 395 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।