चंबा। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चीहमा के समीप एसआईयू टीम ने बस में सवार एक यात्री को चरस सहित धर दबोचा है। पुलिस ने व्यक्ति के कब्जे से 470 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान सोनू कुमार गांव आगार डाकघर खुंदेल तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम ने भरमौर-पठानकोट हाईवे पर चीहमा के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। टीम ने होली से चामुंडा जा रही एचआरटीसी की बस को रोका। टीम ने बस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम को अपनी ओर आता देख सोनू कुमार घबरा गया। पुलिस ने शक के आधार पर सोनू राम की तलाशी ली। इस दौरान सोनू के कब्जे से 470 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान चलाया है। अभियान के तहत पुलिस को सफलता भी मिल चुकी है। मगर चरस का कारोबार पूरी तरह से खत्म नहीं हो पाया है।
एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बस में सवार एक यात्री से 470 ग्राम चरस बरामद की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।