युवा कलाकार ज्योति नाथ ने राष्ट्रीय मंच पर किया हिमाचल का प्रतिनिधित्व, सबसे कम उम्र की प्रतिभागी बनीं
चंबा कलम की पारंपरिक शैली को समसामयिक कला से जोड़कर प्रस्तुत की चंबा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा की युवा एवं प्रतिभाशाली कलाकार ज्योति नाथ ने उज्जैन में आयोजित राष्ट्रीय चित्रकला कार्यशाला में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर जिले का नाम रोशन किया है।
मध्य प्रदेश संस्कृत परिषद, उज्जैन के तहत कालिदास संस्कृत अकादमी की ओर से 18 से 24 अगस्त तक आयोजित सात दिवसीय आदिवासी, लोक, पारंपरिक एवं समसामयिक चित्रकला कार्यशाला में देशभर से चयनित कलाकारों ने हिस्सा लिया।
प्रतिष्ठित कार्यशाला में हिमाचल से केवल दो कलाकारों का चयन हुआ। इनमें चंबा की ज्योति नाथ भी शामिल रहीं। विशेष बात यह रही कि ज्योति पूरे आयोजन की सबसे कम उम्र की कलाकार थीं। उन्होंने अपनी चित्रकला के माध्यम से चंबा की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यशाला के दौरान ज्योति ने चंबा की पारंपरिक लघु चित्रकला चंबा कलम की विशिष्ट शैली, विषय-वस्तु और सांस्कृतिक पहचान को देशभर के कलाकारों के सामने रखा। उन्होंने पारंपरिक कला को समसामयिक शैली के साथ जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि विरासत में मिली कलाओं को आधुनिक दौर में नए प्रयोगों और नई पीढ़ी से जोड़ा जा सकता है।
ज्योति ने चलो चंबा के माध्यम से चंबा की कला, संस्कृति, विरासत और पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास भी किया। उनकी इस उपलब्धि से चंबा के कला प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी है।