राजकीय महाविद्यालय सलूणी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर कब्बडी प्रतियोगिता के दौरान छात्राएं: जागरूक
सलूणी कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर कबड्डी का रोमांच
बीए प्रथम वर्ष की टीम ने फाइनल में मारी बाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। पढ़ाई की कक्षाओं से निकलकर शनिवार को सलूणी कॉलेज का खेल मैदान बेटियों के जज्बे, जोश और दमखम का गवाह बना। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्राओं ने कबड्डी के मैदान में ऐसी खेल प्रतिभा दिखाई कि हर रेड और हर डिफेंस पर दर्शकों की तालियों से मैदान गूंजता रहा। रोमांचक मुकाबलों के बाद बीए प्रथम वर्ष की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतर-संकाय महिला कबड्डी टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
राजकीय महाविद्यालय सलूणी के खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में बीए और बीकॉम की छात्राओं ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत डिफेंस के दम पर बीए प्रथम वर्ष की टीम ने मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।
मैदान में मौजूद छात्र-छात्राओं ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. जयश्री ने की। उन्होंने विजेता टीम सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।