डलहौजी (चंबा)। डलहौजी में रविवार को हिमोत्कर्ष जन कल्याण परिषद ने पांच विभूतियों को समाज में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। डलहौजी शाखा का यह वार्षिक समारोह डलहौजी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में हुआ। इसमें राष्ट्रीय धावक और गोल्डन गर्ल के नाम से मशहूर सीमा देवी को खेल में उत्कृष्टता के लिए लाला अमीर चंद महाजन स्मारक के तहत ‘चंबा श्री श्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वहीं, थाना प्रभारी डलहौजी जगबीर सिंह को दिवंगत गोपाल दास चड्ढा स्मारक के तहत ‘चंबा श्री लोक सेवा पुरस्कार’ से नवाजा गया। एचआरटीसी चंबा के चालक मदन लाल को दिवंगत केके सोनी स्मारक के तहत ‘चंबा श्री विश्वकर्मा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
वहीं, पैरा खिलाड़ी अजय कुमार को दिवंगत डॉ. मनजीत मोंगा और डॉ. जीएस मोंगा स्मारक के तहत ‘चंबा श्री प्रतिभावान व्यक्तित्व’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शिक्षक सुनील शर्मा को रक्षा भंडारी स्मारक के तहत ‘चंबा श्री श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार’ से नवाजा गया। इस अवसर पर एनएचपीसी के निदेशक प्रोजेक्ट्स (सेवानिवृत्त) एसके डोडेजा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। एसडीएम अनिल भारद्वाज सम्मानीय अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा जिले के दसवीं और बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को नकद छात्रवृत्ति से सम्मानित किया। वहीं परिषद द्वारा विभिन्न स्कूली बच्चों के लिए आयोजित अंतर-स्कूली प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, वॉलीबाल, शतरंज, भाषण, चित्रकला, और नृत्य जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को ट्रॉफी प्रदानकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार डलहौजी रमेश चौहान, डीपीएस के निदेशक डॉ कैप्टन जीएस ढिल्लों, जीएनपीएस के प्रधानाचार्य नवदीप भंडारी, परिषद के सरंक्षक अशोक महाजन, अध्यक्ष सतपाल शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष लक्षित सोनी, महासचिव जगदीप अरोड़ा, एचएस चौहान और अन्य मौजूद रहे।