बनीखेत (चंबा)। रहस्यमयी परिस्थिति में लापता हुए गोली निवासी पवन की तलाश के लिए पंजाब से आए गोताखोरों ने मंगलवार को चौहड़ा बांध में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान टीमें सुबह से शाम तक तलाश में जुटी रही। मगर शाम तक भी पवन के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया।
सर्च अभियान के समय चमेरा चरण-1 की टीम भी मौके पर मौजूद रही। गौरतलब है कि पवन कुमार पिछले पांच दिनों से लापता है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पवन कुमार बांध में गिरकर लापता हो गया है। इसके बाद प्रशासन अब बांध में सर्च अभियान चला रहा है।
बीते दिनों एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बांध का निरीक्षण किया था। वहीं, दूसरी तरफ परिजन अपने लाडले के लापता होने के बाद सदमे में है। एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर का कहना है पंजाब से गोताखोरों की टीम बुलाई गई है। मंगलवार को पूरा दिन सर्च अभियान चलाया गया। मगर अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।