चंबा। सरोल में 550 करोड़ से नए मेडिकल भवन का निर्माण होगा, जिसमें जिले के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होगी। मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तीन चरणों में होगा। नए भवन में करीब 200 बेड की सुविधा रहेगी। प्रदेश सरकार ने पहले चरण में दो मंजिला भवन निर्माण निर्माण के लिए 320 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है।
इसके तहत 200 करोड़ की धनराशि मेडिकल कॉलेज के खाते में जमा भी हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन अगले सप्ताह एनबीसीसी कंपनी के साथ भवन निर्माण को लेकर एमओयू साइन करेगा। इसके बाद कंपनी भवन निर्माण को लेकर टेंडर करवाएगी।
प्रोजेक्ट को तीन चरणों में बनाया जाएगा। पहले चरण में सरोल में दो मंजिला अस्पताल भवन बनाया जाएगा। यहां पर 200 बेड की व्यवस्था की जाएगी। इसके निर्माण पर 320 करोड़ रुपये खर्च होंगेे। जबकि पूरे प्रोजेक्ट पर साढ़े पांच सौ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होने का अनुमान है।
दूसरे चरण में हॉस्टल और आवास बनाए जाएंगे। यहां पर एमबीबीएस प्रशिक्षुओं और डॉक्टरों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। जबकि तीसरे चरण में अकादमिक ब्लॉक बनाए जाएंगे। इस पूरे प्रोजेक्ट को बनाने के लिए सरकार की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। पहले जो प्रोजेक्ट बनाया गया था, उसमें बदलाव करते हुए प्रबंधन की ओर से नया प्रोजेक्ट बनाकर सरकार को भेजा गया था। इसे सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
नए साल में चंबा मेडिकल कॉलेज के नए भवन का कार्य शुरू हो जाएगा। मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज का कार्य जिला अस्पताल के भवन में चलाया जा रहा है। इसकी वजह से डॉक्टरों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में नए भवन का निर्माण होने से मरीजों और डॉक्टरों की समस्या का समाधान होगा। सरोल में मेडिकल कॉलेज के लिए ढाई साल पहले से जमीन स्वीकृत है। इसके ऊपर अब नए भवन का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जगी है। इससे जिले की छह लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
इनसेट
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. पुरुषोत्तम पुरी ने बताया कि सरोल में बनने वाले नए भवन का एमओयू कंपनी के साथ अगले सप्ताह तक साइन हो सकता है। एमओयू साइन होते ही कंपनी टेंडर प्रक्रिया को पूरा करेगी। इसके बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 320 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।