मैहला(चंबा)। विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत बकाण का लुडेरा वार्ड शीघ्र ही सड़क सुविधा से जुड़ेगा। बैकवर्ड एरिया सब प्लान के तहत सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जो कि आधा हो चुका है। इसी गति से निर्माण कार्य चलता रहा तो 2 माह के भीतर यह मार्ग बनकर तैयार हो जाएगा।
सड़क बनने से दशकों से पिछड़ेपन का दंश झेल रहे ग्रामीण भाग्यरेखा से जुड़ पाएंगे। गांव टिकरेठी के समीप से बनने वाले 1.5 किलोमीटर के सड़क निर्माण कार्य से वार्ड लुडेरा के गांव बीयूठा, गंदरा और लुडेरा सहित अन्य गांव की 400 की आबादी लाभान्वित होगी।
वर्तमान में वार्ड लुडेरा के लिए टिकरेठी के समीप से निर्माण कार्य चल रहा है। इसके निर्माण पर करीब 20 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। वार्ड लुडेरा तक बनने वाले मार्ग की आधारशिला पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने रखी थी।
ग्राम सुधार कमेटी ग्राम पंचायत बकाण के अध्यक्ष और ग्राम टिकरेठी निवासी पवन भारद्वाज ने बताया कि इस दौरान विभाग ने 2 टेंडर भी डाले गए। मगर मार्ग निर्माण कठिन और चट्टानों से भरा होने से अकसर ठेकेदार निर्माण कार्य से हाथ पीछे खींच रहे थे।
लोगों की बार-बार उठती मांग पर आखिरकार विधायक जियालाल कपूर ने प्रमुखता के आधार पर कार्य करवाने के बारे में निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद कार्य ठेकेदार को आवंटित किया गया और अब आधे से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।
भरमौर-पांगी विधायक जियालाल कपूर ने बताया कि बकाण पंचायत के वार्ड लुडेरा के बाशिंदों को जल्द ही सड़क सुविधा नसीब होगी। उन्होंने कहा कि जो शेष मार्ग के कार्य के लिए जल्द बजट जारी करवा दिया जाएगा।
लोनिवि भरमौर के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा करने के लिए ठेकेदार को निर्देशित दिए हैं। विधायक के प्रयासों के बाद निर्माण कार्य सिरे चढ़ पाया है।