बनीखेत (चंबा)। मोरनू-मेल मार्ग पर कलार गांव के समीप जीप दुर्घटनाग्रस्त में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा रविवार देर रात के समय पेश आया।
मृतक की पहचान मदन लाल पुत्र गौरी शंकर गांव बैंसका डाकघर कल्हेल तहसील डलहौजी के रूप में हुई। इसके अलावा चालक संजय कुमार पुत्र कर्म चंद निवासी गांव बाड डाकघर कल्हेल गंभीर रूप से घायल हो गया है। मोहित और मोहित कुमार का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जबकि प्रीतम और पवन कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बनीखेत से टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। इसके साथ ही घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मदन लाल मदन लाल जीप से घास लेने के लिए गया था। गाड़ी में छह लोग सवार थे। यहां मदन ने करीब आठ क्विंटल सूखा चारा खरीदा और जीप में लोड किया। जैसे ही गाड़ी कलार गांव के समीप पहुंची तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी खाई में गिर गई। इस हादसे में मदन लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सहित अन्य पांच लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया।
यहां सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों के सुपुर्द किया। इस हादसे में क्षेत्र में मातम छा गया है। वहीं, पुलिस भी हादसे के पीछे रहे कारणों की तफ्तीश कर रही है। एसपी चंबा अरुल कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।