खज्जियार (चंबा)। चंबा-खज्जियार मार्ग तीस घंटे बाद भी यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। इसकी वजह से खज्जियार के लोगों को आवाजाही करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। मार्ग बंद होने की वजह से बसों की आवाजाही भी ठप पड़ी है। इसके चलते लोग पैदल ही आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह 11 बजे मियाड़ी घार के पास भारी भूस्खलन हुआ, जिस कारण मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया। मार्ग को बहाल करवाने के लिए तुरंत लोक निर्माण विभाग की मशीनरी डट गई लेकिन सड़क पर भारी भरकम चट्टानें गिरने की वजह से सड़क बहाल करने में समय लग रहा है। इसके अलावा चट्टानों के गिरने से सड़क का डंगा भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसकी वजह से भी सड़क बहाली के कार्य में देरी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क को जल्द बहाल करवाया जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मीत कुमार ने बताया कि सड़क को जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया जाएगा।