संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जुम्महार परिक्षेत्र में टीडी के तहत स्वीकृत लकड़ी से ज्यादा मात्रा में पेड़ काटने पर एक व्यक्ति के खिलाफ चंबा थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही मामले की आगामी प्रक्रिया को अंजाम दिया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार व्यक्ति को जुम्महार परिक्षेत्र में टीडी के तहत दो पेड़ काटने की मंजूरी मिली थी। मगर व्यक्ति ने दो पेड़ की जगह तीन पेड़ों को काट दिया। इसकी जांच के लिए जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो उन्हें पता चला कि व्यक्ति ने दो की जगह तीन पेड़ काटे हैं। इसको लेकर वन विभाग ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फॉरेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
मामले में संबंधित वन रक्षक की लापरवाही भी सामने आ रही है। क्योंकि जब टीडी के तहत स्वीकृत लकड़ी को काटा जाता है, तो संबंधित वन रक्षक वहां मौजूद रहता है। इसका मकसद अन्य पेड़ों को क्षति पहुंचाने से रोकना है। मगर उपरोक्त मामले में व्यक्ति ने टीडी के तहत स्वीकृत पेड़ों से ज्यादा पेड़ काट दिए। इसमें पता चलता है कि जब पेडों को काटा गया उस समय संबंधित वन रक्षक वहां मौजूद नहीं था। हालांकि अभी तक वन विभाग ने इस संबंध में वनरक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
एसएचओ शकीनी कपूर ने बताया कि जुम्महार परिक्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ फॉरेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।