चंबा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चंबा-जोत मार्ग संवारा जा रहा है। इस सड़क के विस्तारीकरण के कार्य पर 10 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी और वाहन चालकों का सफर सुगम होगा।
पर्यटन स्थल खज्जियार के लिए यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। पंजाब सहित अन्य बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक अपने वाहनों को लेकर इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। मार्ग खस्ताहाल और संकरा होने से उन्हें परेशानी होती थी। अब इस मार्ग को लोक निर्माण विभाग ने चौड़ा कर दिया है। अब इस पर टारिंग का कार्य पूरा किया जाएगा।
वहीं, जिले के भरमौर, चंबा, चुराह, भटियात और डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के लोग इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। चंबा से पठानकोट के लिए वाया जोत रूट पर 30 किलोमीटर की दूरी भी कम होती है और आधे घंटे का सफर कम होता है। विभाग के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल मौके पर कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखते हुए नजर आए।
लोगों ने जताया आभार
स्थानीय निवासी सुनील कुमार, चंद राम, किशोर, मान सिंह, वीरेंद्र, हंसराज, केवल, जीत राम और प्यार सिंह ने बताया कि इस मार्ग विस्तारीकरण की काफी समय से मांग चल रही थी। जो अब पूरी होने वाली है। इसके लिए उन्होंने सरकार और विभाग का आभार प्रकट किया है।
जोत मार्ग पर टारिंग करवाई जा रही है। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, चंबा