दाल में निकले कीड़े की देखतीं वाडऱ् सिस्टर।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश सरकार के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावे उस समय हवा हो गए जब क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा में उपचाराधीन एक मरीज को अस्पताल की मेस से परोसे गए खाने में कीड़ा निकल आया। लिहाजा मरीज के परिजन ने इसकी शिकायत तुंरत वार्ड में तैनात वार्ड सिस्टर से की लेकिन किसी ने इसकी सूचना चिकित्सालय प्रबंधन को देना उचित नहीं समझा।
जब मीडिया ने क्षेत्रीय चिकित्सालय प्रबंधन को इस मामले के बारे में बताया तो उन्होंने तुरंत इस पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। दरअसल रविवार को क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा की तीसरी मंजिल में बिस्तर नंबर छह पर दाखिल मरीज सुरेश कुमार निवासी धनेई चंबा को जब दोपहर का खाने में दाल मेस के कर्मियों ने परोसी तो उसमें से एक कीड़ा मरीज की प्लेट में जा गिरा। जिसके बाद मेस कर्मियों ने मामला संभालने की कोशिश की। लेकिन मरीज की पत्नी ने इसकी शिकायत वार्ड में तैनात वार्ड सिस्टर व नर्स से कर दी।
वार्ड सिस्टर और नर्स ने मेस कर्मियों को बहुत डांटा फटकारा ताकि वह आगामी भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा न बरते। इस मामले के प्रकाश में आने के बाद चंबा मुख्यालय में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कई लोग अस्पताल प्रबंधन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठा रहे हैं।
क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा के चिकित्सा अधीक्षक जीवानंद चौहान ने इस मामले का पता चलते ही फौरन अस्पताल मेस का निरीक्षण किया। जहां पर मेस कर्मियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए गए। चौहान ने बताया कि इस अनियमितता के लिए मेस इंचार्ज पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।