चंबा। शहर के ढाबों, होटलों और रेस्तरां में अब लोगों के बैठकर खाना खाने पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। एसडीएम चंबा ने वीरवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। यह आदेश रेहड़ी संचालकों पर भी लागू होंगे। सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करने पर प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।
एसडीएम चंबा ने इसके लिए कोरोना वॉरियर्स सर्विलांस टीमों का गठन किया है। इसमें 30 अध्यापकों की अगुवाई ये 10 टीमें बनाई गई हैं। यह टीमें विभिन्न जगहों पर दिन के समय तीन मर्तबा व्यवस्था का जायजा लेंगी। सामाजिक दूरी की अवहेलना होने पर टीम के सदस्य वीडियो बनाकर एसडीएम को भेजेंगे।
इसके बाद संबंधित होटल, रेस्तरां और ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद भी अगर संचालक नियमों की अवहेलना करता है, तो उसे सील कर दिया जाएगा।
कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच पिछले कुछ दिनों से शहर में लोग सामाजिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हालत यह थी कि रेहड़ियों में नियमों का उल्लंघन करते हुए भीड़ एकत्रित हो रही थी। इसको देखते प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।
कोरोना वॉरियर्स सर्विलांस टीमों को नोडल अधिकारी नायब तहसीलदार चंबा को रिपोर्ट देनी होगी। जबकि एसडीएम चंबा संचालकों को नोटिस जारी होंगे। बता दें कि कुछ समय पूर्व एसडीएम ने शहर का निरीक्षक कर पाया कि कई रेहडीधारक बिना दस्ताने और मास्क के लोगों को खाद्य सामग्री परोस रहे हैं। ऐसी स्थिति कोरोना संक्रमण को न्यौता देने जैसी है। बहरहाल, प्रशासन ने इस दिशा में सख्त कदम उठाए हैं।
एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि सामाजिक दूरी की अवहेलना करने वालों पर नकेल कसने के लिए ढाबों, होटलों और रेस्तरां में बैठकर खाना खाने पर रोक लगा दी है। इसके लिए बाकायदा टीमों का गठन किया गया है।