चंबा। चंबा विस क्षेत्र में डुगली मुख्य सड़क से चांझुई सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार डीपीआर को दरकिनार कर मनमर्जी से वन विभाग की भूमि पर सड़क का निर्माण कर दिया। इससे वन भूमि को नुकसान पहुंचा है।
इस मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर सड़क का काम बंद करवाया और इसके बाद ठेकेदार के खिलाफ सुल्तानपुर चौकी में शिकायत दर्ज करवाई। विभाग का कहना है कि डीपीआर के अनुसार सड़क दूसरी जगह से प्रस्तावित थी। मगर ठेकेदार ने अपनी मनमर्जी करके वन भूमि पर ही सड़क निर्माण शुरू कर दिया।
इसके साथ ही वन विभाग ने रठियार से मानकोट के लिए सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार को अवैध डंपिंग करने पर 22 हजार रुपये जुर्माना ठोका है। ठेकेदार सड़क निर्माण से निकलने वाले मलबे को अवैध रूप से नाले में फेंक रहा था। इससे निचले क्षेत्रों को खतरा पैदा हो गया था।
वहीं चंबा-खज्जियार सड़क को चौड़ा करने वाले ठेकेदार को भी वन विभाग ने अवैध डंपिंग करने पर तीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही ठेकेदार को आखिरी चेतावनी देकर वन विभाग की भूमि में मलबा न फेंकने की हिदायत दी है। इसके बाद ठेकेदार ने मनमानी बंद नहीं की तो उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
वनखंड अधिकारी हामिद ने बताया कि वन विभाग की भूमि पर बिना अनुमति जेसीबी चलाकर सड़क निर्माण करने पर ठेकेदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है। इसके साथ ही काम को भी बंद करवाया गया है। साथ ही दो ठेकेदारों को अवैध डंपिंग करने के लिए जुर्माना लगाया गया है।