चंबा। जिले में वीरवार को 63 वर्षीय मरीज की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। मरीज जिला मुख्यालय के साथ लगती सरोल पंचायत का रहने वाला था। 12 दिसंबर को मरीज के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
इसके बाद उसे उपचार के लिए डीसीएच चंबा में भर्ती किया गया था। मगर यहां उसकी सेहत को देखते हुए डीसीएच टांडा रैफर किया गया। कोरोना संक्रमण के साथ व्यक्ति को निमोनिया और बीपी की भी शिकायत थी। इसके चलते उसकी तबीयत में सुधार नहीं हो पा रहा था। हालांकि चिकित्सक उनकी सेहत में सुधार लाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे थे।
मगर बुधवार रात को उन्होंने डीसीएच टांडा में दम तोड़ दिया। टांडा में 63 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत होने के बाद जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 46 पहुंच गई है। जबकि मौजूदा समय में जिले में 230 कोरोना के सक्रिय मामले हैं। इनका उपचार विभिन्न कोविड केयर सेंटरों और होम आइसोलेशन में हो रहा है। इसके अलावा वीरवार को जिले में 52 कोरोना मरीजों ने कोरोना को मात देने में भी सफलता हासिल की। इन्हें स्वास्थ्य विभाग ने स्वस्थ करार देते हुए घर भेज दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से ग्रसित व्यक्ति की डीसीएच टांडा में मौत हुई है। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 46 पहुंच गई है।