चंबा। शहर का मुख्य बाजार नौ दिनों के बाद आखिरकार खुल गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। प्रशासन ने धड़ोग मोहल्ले में बड़ी संख्या में कोरोना के मामले सामने आने के बाद बाजार सहित अन्य छह वार्डों को सील कर दिया था।
इसके बाद एक सप्ताह तक बाजार और विभिन्न वार्ड सील रहे। कोई नया मामला सामने नहीं आने पर प्रशासन ने सोमवार को बाजार खोलने के आदेश जारी कर दिए हैं। बाजार खुलने की समयसीमा पहले की तरह सुबह नौ बजे से लेकर सात बजे तय की गई है।
गौरतलब है कि शहर के धड़ोग मोहल्ले में सिलसिलेवार कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि प्रशासन ने इस अवधि में एक्टिव केस फाइडिंग अभियान चलाया इसके साथ ही शहर को सैनिटाइज भी किया।
इसके बाद चंबा बाजार को आम जनता के लिए खुल गया है। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन ने लोगों से आह्वान किया है कि जरूरी होने पर ही बाजार का रुख करें। इसके साथ ही सामाजिक दूरी की पालना करें और मास्क पहनें।
एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि कोरोना के नए मामले नहीं आने के बाद शहर के छह वार्डों में रियायत दी गई है। जबकि धड़ोग मोहल्ले अभी भी कंटेनमेंट जोन में रखा गया है। उन्होंने कहा कि कसाकड़ा मोहल्ले को भी बफर जोन में रखा गया है। उन्होंने आह्वान किया कि वह घर पर रहें और सुरक्षित रहें।