चंबा। दो दिनों से बर्फबारी से जिले में लोगों की जिंदगी पूरी तरह से थम गई है। हिमपात के कारण जिले में 38 सड़कें बाधित है। इसमें पांगी समेत भरमौर और तीसा के दुर्गम क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। जबकि जिले में 40 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। वहीं डलहौजी समेत खज्जियार में बर्फबारी से सैलानी चहक उठे हैं।
उपमंडल पांगी के किलाड़ तहसील मुख्यालय में मंगलवार देर शाम तक डेढ़ से दो फीट तक बर्फबारी हुई। जबकि, ऊपरी चोटियों हुडान भटोरी, चस्क भटोरी, धरवास, साच पास में दो से चार फीट तक बर्फबारी दर्ज की गई है। इस कारण पांगी-तीसा-चंबा मार्ग, पांगी-जम्मू-चंबा मार्ग बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बंद पड़ा है। बिगड़ते मौसम के चलते पांगी से चंबा के लिए हवाई सेवा भी बंद हो गई है। नतीजतन, पांगीवासी अब बर्फ की कैद में फंसकर रह गए हैं।
तहसील मुख्यालय भरमौर में दस इंच और ऊपरी चोटियों मणिमहेश, कुगति, जालसू जोत, काली छौ में दो से तीन फीट, पर्यटन नगरी खज्जियार में चार इंच, जोत में एक फीट से डेढ़ फीट, पौहलाणी में एक फीट बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। चुराह क्षेत्र में दो फीट तक बर्फबारी के बाद मंगलवार दोपहर बाद भी बर्फबारी का क्रम जारी रहा।
किहार सेक्टर के तहत निचले क्षेत्रों में दो से चार इंच और ऊपरी चोटियों गुल्लू की मंडी, गढ़माता, चोंडी की घोड़ी, मरालीधार, धार मंदराला में दो से तीन फीट बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते चंबा-भरमौर मार्ग खड़ामुख से आगे बड़े वाहनों के लिए बढ़ी फिसलन के चलते बंद है।
इसके अलावा सबसे अधिक मंडल भरमौर के अधीन आते 25 मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गए हैं। वहीं, मंडल तीसा के आठ मार्ग, मंडल सलूूणी में पांच मार्ग मंगलवार को यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाए हैं। बुधवार को इन्हें यातायात के लिए बहाल करने की कोशिश की जाएगी।
ये मार्ग पड़े बाधित
हड़सर-कुगति, भरमौर-बडग्रां, होली-न्याग्रां, ढकोग-बन्नी सहित अन्य संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। जबकि मंडल तीसा के तहत तरेला-गुईला, बैरागढ़-देवीकोठी, लिंक मार्ग भराड़ा, तरेला-भुडांस-मंगली, झज्जाकोठी-मत्यूंड, जखलाधार-पुखरा मार्ग, सुंडला-लंगेरा, भडेला मार्ग, लडेर मार्ग, डांड-चकोतर, मूल किहार, झौडा-भजौतरा, सलूूणी-गल्ल मार्ग यातायात के लिए बाधित हैं।
बारिश और बर्फबारी को लेकर विभाग ने रद्द की छुट्टियां
मंडल चंबा के तहत परिक्षेत्र में बर्फबारी और बारिश के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई गई है। इसके साथ ही संवेदनशील जगहों पर पहले से ही मशीनरी तैनात कर दी गई है। इसका मुख्य मकसद बाधित होने वाले मार्गों को प्रमुखता के आधार पर सुुचारु करवाना है।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता पवन शर्मा ने बताया कि चुराह विस क्षेत्र में 140 ट्रांसफार्मर बंद थे। मंगलवार को 100 ट्रांसफार्मरों को सुचारु करवा दिया गया है। जबकि, शेष 40 ट्रांसफार्मर बुधवार को जल्द सुचारु करवा दिया जाएगा।
लोनिवि भरमौर के अधिशासी अभियंता इंद्र सिंह ने बताया कि भरमौर में 25 मार्गों पर यातायात व्यवस्था बाधित है। बर्फबारी और बारिश के चलते यह समस्या आई है।
लोनिवि एक्सईएन जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के कारण बाधित होने वाले मार्गों को सुचारु करने के लिए विभाग तत्पर है। कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। इसके साथ ही संवेदनशील जगहों पर मशीनरी को तैनात रखा गया है।