पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में पॉलीथिन बैग बेचने वालों के खिलाफ खाद्य आपूर्ति विभाग सख्त हो गया है। मंगलवार को खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक ने किलाड़ बाजार की दुकानों में दबिश देकर दुकानों में इस्तेमाल किए जा रहे पॉलीथिन बैग की जांच की। इस दौरान एक दुकान में पॉलीथिन बरामद हुआ। इसे निरीक्षक ने जब्त किया और दुकानदार का चालान भी काटा।
किलाड़ बाजार में हलवाई और कसाई की दुकानों में सबसे ज्यादा पॉलीथिन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसको लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग के पास शिकायतें भी पहुंच रही थी। लोगों की शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए विभाग की ओर से किलाड़ बाजार के सभी हलवाइयों और कसाइयों को पॉलीथिन बैग का इस्तेमाल बंद करने की हिदायत दी गई है। हिदायत के बाद भी अगर कोई पॉलीथिन बैग का इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि किलाड़ बाजार में पॉलीथिन के इस्तेमाल को लेकर एक दुकानदार का चालान काटा गया है। अन्य दुकानदारों को हिदायत जारी की गई है।