संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाडू के सालाना समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने वर्ष भर बहुआयामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
विद्यार्थियों ने इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समा बांधा। उन्होंने स्कूल के वरिष्ठ तथा कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए 21 तथा 11 हजार की धनराशि देने की घोषणा की।
पठानिया ने कहा कि क्षेत्र के सबसे दूरस्थ चक्की तथा रखेड़ गांव को सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। रखेड़ गांव वासियों की चिर लंबित मांग को पूरा करते लगभग 9 किलोमीटर के इस संपर्क सड़क के निर्माण को लेकर वन अनुमति मामले (एफसीए) को स्वीकृति उपलब्ध करवा दी गई है तथा चक्की गांव को भी सड़क से जोड़ने के लिए विभागीय प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि झाजड़ी से लोहनी-बिहाली संपर्क मार्ग को चुवाड़ी सड़क से जोड़कर सैला से मथला तक विस्तार दिया जाएगा।
कैथली से बिलासपुर तथा जल्दा से जोत मार्ग के निर्माण को लेकर सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। विस अध्यक्ष ने स्कूल प्रबंधन समिति की मांग पर विद्यालय के भवन निर्माण का भी आश्वासन दिया। भूमि स्थानांतरण मामला उपमंडल अधिकारी भटियात को प्रेषित करने को कहा। उन्होंने लोगों को विद्यालय परिसर से राजस्व विभाग के पटवार वृत्त कार्यालय को भी स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया।