खज्जियार (चंबा)। चाहला से अपर पंजोह सड़क भूस्खलन के कारण दो दिन से बंद है। जोड़ा पोल में भूस्खलन से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरे हुए हैं। इसकी वजह से ग्राम पंचायत चीलबंगला, कोहलड़ी और पंजोह में रहने वाले लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि सड़क बंद होने के कारण लोगों को चार से पांच किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोग कई बार सड़क बहाल करवाने के लिए विभागीय अधिकारी को फोन पर सूचित कर चुके हैं लेकिन अभी तक विभाग ने इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
मनोज कुमार, हंसराज, जय चंद और प्यार सिंह ने बताया कि सड़क बंद होने के कारण आम लोग जैसे-तैसे पैदल आवाजाही कर रहे हैं लेकिन बीमार लोगों को पीठ पर उठाकर पांच किलोमीटर दूर चाहला पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क को जल्द बहाल करवाया जाए।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मीत कुमार ने बताया कि सड़क बंद होने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। जल्द जेसीबी को भेजकर सड़क को बहाल करवाया जाएगा।