चंबा। भड़ियांकोठी के तड़ग्रां गांव के लोगों को अब उफनती रावी नदी को झूला पुल (घरूरू) से पार नहीं करना पड़ेगा। गांव के लोगों को जल्द सड़क सुविधा मिल जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने भड़ियां पुल से गांव तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। यह कार्य पचास प्रतिशत पूरा भी हो चुका है। सड़क के निर्माण पर 1.30 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं जबकि इस सड़क को बनाने के लिए गांव के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे। जब दो वर्ष पहले गांव के लोगों ने अपनी समस्या को सदर विधायक पवन नैयर और लोक निर्माण विभाग के पास उठाया तो उन्होंने गांववासियों को सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था। अब लोगों की चिरलंबित मांग जल्द पूरी हो जाएगी।
ओम प्रकाश, बंटी, सोनू, बबलू, बलदेव कुमार और प्रताप सिंह ने बताया कि तड़ग्रां के लोगों को रावी नदी का जलस्तर बढ़ने पर वाया झणेई होकर आवाजाही करनी पड़ती थी। स्कूली बच्चों को बारिश होने पर स्कूल नहीं भेजा जाता था। अब उनकी समस्या का समाधान हुआ है। इसके लिए उन्होंने सदर विधायक और लोक निर्माण विभाग का आभार प्रकट किया है।
गौरतलब है कि तड़ग्रां गांव के लोग आजादी के बाद भी रावी नदी को पार करने के लिए घरूरू का इस्तेमाल कर रहे थे। घरूरू की गरारी में कई लोगों की अंगुलियां भी कटीं। इसके अलावा स्कूल जाते समय विद्यार्थी घरूरू में फंसे जिन्हें दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू करके निकाला। वहीं ग्रामीणों ने सड़क के लिए उपायुक्त कार्यालय में धरने-प्रदर्शन भी किए।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि तड़ग्रां गांव के लिए सड़क का कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया है। आगामी दिनों में यह गांव सड़क सुविधा से जुड़ जाएगा।