चंबा। लॉक डाउन और कर्फ्यू के दौरान लोगों को पैसे निकालने के लिए अब घर से बाहर निकलने की आवश्यकता नहीं है। डाकघर में तैनात डाकिया लोगों के घरद्वार उनकी आवश्यकता अनुसार कैश छोड़ कर जाएगा।
बशर्ते इसके लिए लोगों को डाक विभाग के पोस्टल सर्विस ऐप के जरिये पैसे निकालने के लिए आवेदन करना होगा। इस सेवा के तहत 50 हजार रुपये तक कैश लोग ऐप के जरिये मंगवा सकते हैं।
अगर कोई व्यक्ति ऐप के जरिए आवेदन नहीं कर सकता तो वह किसी भी डाकघर, उपडाकघर के नंबर पर फोन करके पैसे निकालने की अर्जी दे सकता है। इसके बाद डाकिया लोगों के घर में जाकर कैश छोड़कर आएगा।
यह सुविधा डाकघरों के खाता धारकों के लिए नहीं है बल्कि आधार लिंक सभी बैंक धारक इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। जिले के किसी भी क्षेत्र के लोग घर पर पैसे मंगवा सकते हैं। मौजूदा समय में देश और प्रदेश में लॉक डाउन है।
बैंकों में भीड़ जमा होने से परहेज किया जा रहा है। जो लोग बैंकों में पैसे निकालने के लिए जा रहे हैं। उन्हें भी बैंकों के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में यह सुविधा लोगों के लिए काफी फायदेमंद हो सकती है।
अधीक्षक डाक मंडल चंबा विजय कुमार ने बताया कि उपरोक्त ऐप के जरिए लोग अपने घरों में कैश मंगवा सकते हैं। आधार लिंक बैंक खाता धारक जिला के किसी भी स्थान पर पचास हजार रूपये तक कैश के लिए आवेदन कर सकते हैं। डाक विभाग का डाकिया लोगों के घरों में पैसे छोड़कर आएगा।
प्रवीण कुमार