चंबा। ग्राम पंचायत झुलाड़ा के प्रधान पर अनियमितताओं के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। जिला पुलिस ने अदालत के आदेशों के बाद थाना सदर में केस दर्ज करने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अदालत के निर्देशों के बाद प्रधान के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच रिपोर्ट के बाद प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार झुलाड़ा पंचायत के उपप्रधान घिंद्र सिंह का आरोप है कि पंचायत के वर्तमान प्रधान ने निर्माणाधीन वाटर टैंकों के कार्य में अनियमितताएं बरती जा रही है। यह कार्य मनरेगा के तहत होना है। घिंद्र सिंह के आरोप है कि कि पंचायत में तीन जगह टैंकों का निर्माण होना है। कार्य में फर्जी बिल लगाएं गए हैं और काम भी अधूरा है। उन्होंने इस इस मामले को लेकर वे पहले भी जिलाधीश चंबा को भी शिकायत पत्र सौंपा है।
इसके बाद उन्होंने अदालत में कार्रवाई को लेकर गुहार लगाई। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस को इस संबंध में केस दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही पुलिस को जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट भी मांगी है। अदालत से आदेशों के बाद पुलिस ने पिछले कल पंचायत में दबिश दी और मामले की तफ्तीश शुरू की।
इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने टैंक के लिए बिछाए जाने वाले पाइपलाइन के चार बंडलों को भी कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि यह सारा सामान स्टोर में ही रखा गया था। बहरहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में जुट गई है। जांच रिपोर्ट के बाद ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पंचायत प्रधान के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।