चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत दियोला पंचायत के वसुआ, सडयुंड, चांजला, साहलुई, पंडोली, घुुकरेला, घरोल, घेवा, फनोता, चाजुई, भंगोड़ी, कनोड़ी और दवारी गांवों की 800 की आबादी आज भी सड़क सुविधा से महरूम है। 72 वर्षीय बुजुर्ग खिंदू राम पुत्र धनियां राम गांव भंगोड़ी ग्राम पंचायत दियोला को वीरवार सुबह अचानक से सीने में तेज दर्द उठने लगा। देखते ही देखते बुजुर्ग की सांस फूलना शुरू हो गई। परिजनों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जिससे उन्हें कुछ अदद आराम आ गया लेकिन, दोपहर के समय अचानक फिर से तबीयत बिगड़ने पर परिजन और उनका बेटे टेक चंद ने उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। पीठ पर उठाकर परिजन उन्हें 12 किलोमीटर जंगल के रास्ते से ऊबड़-खाबड़ रास्ता पार करते हुए बघेईगढ़ पहुंचे। यहां से निजी वाहन के जरिये बुजुर्ग को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देकर दाखिल कर लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान नेता घरद्वार दस्तक देते हैं। ग्रामीणों को आश्वासन देने के बाद वे अपने वायदों को भूल जाते हैं। ग्रामीणों ने साफ किया है कि यदि लोकसभा चुनाव से पहले उनके गांवों को सड़क सुविधा से न जोड़ा गया तो वे लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर देंगे।
सड़क के अभाव में ग्रामीण मीलों पैदल सफर तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए विवश हैं। कई बार सड़क सुविधा से उन्हें जोड़ने की मांग की गई लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। -अशोक शर्मा।
दियोला पंचायत के दुर्गम गांव फनोता से विद्यार्थी 12 किमी जंगल और ऊईबड़-खाबड़ रास्ते से होकर आवाजाही करने को विवश हैं। सर्दियों में उन्हें हर समय अपने बच्चों की चिंता सताती रहती है। -बंटू शर्मा।
सड़क जीवन की भाग्य रेखा कहलाई जाती है लेकिन, दियोला पंचायत के दर्जन से अधिक गांव सड़क सुविधा से आज भी वंचित हैं। ग्रामीणों को खाद्य और गृह निर्माण सामग्री भी खच्चरों के माध्यम से ही घरों तक पहुंचानी पड़ती है। -संजू शर्मा।
क्षेत्र के ग्रामीण कई बार नेताओं से सड़क से जुड़ने की मांग करते आ रहे हैं लेकिन, महज चुनाव के दौरान ही नेता गांव का रुख करते हैं। चुनावों के बाद सब भूल जाते हैं। सड़क न होने से ग्रामीण लोस चुनाव का बहिष्कार कर सकते हैं। -तिलक राज।
दियोला से वन विश्राम के रेस्ट हाउस तक फनोता गांव की तरफ सड़क बनी है। डैम साइट से भी सड़क बन रही है। आगामी समय में सड़क पहुंचाने को लेकर पूरे प्रयास किए जाएंगे।
हंसराज, चुराह विधायक।
विस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे यशवंत सिंह ने कहा कि चुराह के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री से मिलकर मांग उठाई जाएगी।