विशेषज्ञ चिकित्सक के इंतजार में अटकी सुविधा, हृदय रोगियों को अब भी टांडा-और शिमला पड़ रहा है जाना
पौने छह लाख की आबादी वाले जिले में कार्डियक सुविधा का इंतजार, गंभीर मरीजों को रेफर करने पर बढ़ती परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल चंबा में हृदय रोग विभाग शुरू करने की अधिसूचना जारी हुए करीब दो माह बीत चुके हैं, लेकिन सुविधा अभी तक मरीजों को नहीं मिल पाई है।
विभाग शुरू न होने के कारण हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए टांडा और शिमला का रुख करना पड़ रहा है। करीब पौने छह लाख आबादी वाले जिले में लंबे समय से कार्डियक सुविधा शुरू होने का इंतजार है।
चंबा में हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या भी कम नहीं है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर हृदय रोग विशेषज्ञ और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध न होने से मरीजों के साथ तीमारदारों की परेशानी बढ़ रही है। गंभीर मरीजों को चंबा से दूसरे संस्थानों के लिए रेफर किए जाने पर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। हृदय रोग के मामलों में समय पर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने विभाग जल्द शुरू करने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासी संजय शर्मा, गुरमीत सिंह, शम्मी कुमार, करण महाजन, योगराज, केवल और महिंद्र सिंह ने कहा कि हृदय रोग के मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार मिलना जरूरी है। चंबा में ही कार्डियक सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा और दूसरे जिलों की दौड़ से भी राहत मिलेगी।
लोगों का कहना है कि जब विभाग शुरू करने की अधिसूचना जारी हो चुकी है तो अब इसे धरातल पर उतारने में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर विभाग जल्द शुरू करने की मांग की है।
उधर, मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि सरकार की ओर से विभाग शुरू करने की अधिसूचना जारी हो चुकी है। विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति होते ही विभाग को शुरू कर दिया जाएगा।