कांस्टेबल भर्ती में अब एक पैर से टेकऑफ अनिवार्य, अभ्यर्थियों ने नियम पर पुनर्विचार की उठाई मांग
जुलाई से टाइगर जंप की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने नई तकनीक सीखने की चुनौती, एसपी को ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। कांस्टेबल बनने के लिए महीनों से मैदान में पसीना बहा रहे युवाओं की तैयारी अब ऊंची कूद के बदले नियम ने उलझा दी है।
प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की नई एसओपी में ऊंची कूद के दौरान एक पैर से टेकऑफ अनिवार्य किए जाने के बाद दोनों पैरों से टेकऑफ यानी टाइगर जंप की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने नियम पर पुनर्विचार की मांग उठाई है। स्थानीय युवाओं ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चंबा को ज्ञापन सौंपा है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती की अधिसूचना जारी होने के बाद वे जुलाई 2026 से शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। अब 28 सितंबर को जारी नई एसओपी में टाइगर जंप को मान्य नहीं किए जाने से उन्हें तैयारी की तकनीक बदलनी पड़ेगी। युवाओं के अनुसार भर्ती में अब कम समय बचा है और इतने कम समय में नई तकनीक पर पकड़ बनाना चुनौतीपूर्ण है। उधर, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि युवाओं की ओर से सौंपा गया ज्ञापन डीजीपी कार्यालय, शिमला को भेज दिया गया है। मांग पर क्या निर्णय लिया जाएगा, इस बारे में उच्चाधिकारी ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।
भर्ती के अंतिम चरण में नई शर्त लागू होने से परेशानी बढ़ गई है। भर्ती के लिए समय कम बचा है। नई तकनीक का अभ्यास करना युवाओं के लिए चुनौती है। - राहुल
पढ़ाई और तैयारी के बाद भर्ती प्रक्रिया में अंतिम समय पर नियम बदलने से युवाओं के भविष्य पर असर पड़ सकता है। - चंद्रेश कुमार
पिछली भर्ती में दोनों पैरों से टेकऑफ मान्य था। अब नियम बदलने से अभ्यर्थियों को कम समय में नई तकनीक सीखने की चिंता सता रही है। - संजय कुमार
टाइगर जंप को बंद करने का प्रावधान किया गया है। इस नियम में युवाओं के सपनों को धूमिल करने का काम किया है। विभाग को इस पर पुन: विचार करना चाहिए। - सुरेंद्र कुमार