पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा, दोनों वाहन हुए क्षतिग्रस्त
अमृतसर के रहने वाले हैं सभी, घायल को पठानकोट के निजी अस्पताल ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढुंढियारा के समीप मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे कार और ट्रक की टक्कर में एक बच्ची सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया। परिजन बेटी को टांडा के बजाय पठानकोट के निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि कार (पीबी-46डब्ल्यू-0598) और ट्रक (एचपी-67ए-7860) के बीच ढुंढियारा के पास टक्कर हो गई। कार में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और दो बच्चे सहित कुल आठ लोग सवार थे। दुर्घटना में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्ची घायल हो गए। घायलों की पहचान रणजीत (30), संदीप कौर (23) और वाणी (ढाई वर्ष) सभी अमृतसर के रहने वाले हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। बच्ची की हालत को देखते हुए उसके परिजन उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल में ले गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस की एक टीम घायल बच्ची की स्थिति और मामले के तथ्यों की पुष्टि के लिए पठानकोट रवाना हो गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।