चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बैरागढ़-देवीकोठी-टेपा मार्ग पर टेपा नाले के समीप बुधवार करीब 5:00 बजे हुआ। दुर्घटना में चालक राजेंद्र पुत्र जगत राम निवासी गांव बाहला मुहाल टेपा, पम्मी पुत्र नरैण सिंह निवासी बाहला मुहाल टेपा और सचिन पुत्र किशन निवासी गांव चडरू मुहाल चडरू की मौके पर ही मौत हो गई। अमर सिंह पुत्र काशी निवासी गांव बाहला मुहाल टेपा, और धर्म सिंह पुत्र मानसिंह निवासी गांव जिणी मुहाल सत्यास घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तीसा अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार कार नंबर एचपी 44-4925 टेपा नाले के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। ग्राम पंचायत टेपा के उपप्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी शादी समारोह से लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना तीसा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि कार दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है। जबकि, दो युवक घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।