सलूणी उपमंडल के एक गांव की युवती के अपहरण के मामले में गिरफ्तार आरोपी शिक्षक का शिमला में पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। पुलिस रिमांड पूरी होने पर आरोपी शिक्षक को लेकर शिमला रवाना हो गई है। युवती से परिचय होने से शिक्षक अब तक मुकर रहा है, लिहाजा पॉलीग्राफ टेस्ट के जरिये उससे सच उगलवाया जाएगा। पढ़ाई के सिलसिले में युवती सलूणी से चंबा आई थी और बालू में क्वार्टर लेकर रह रही थी।
28 सितंबर से युवती का मोबाइल बंद होने पर परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस मेंं युवती के लापता होने की शिकायत दी। साथ ही शिक्षक पर उसकी बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तफ्तीश के बाद शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। 24 घंटे सलाखों के पीछे रहने के चलते शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक को निलंबित कर दिया है। इसके बाद न्यायालय से शिक्षक को पांच दिन की रिमांड पर भेजा गया था। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि रिमांड खत्म हो चुका है। अब शिमला में पॉलीग्राफ टेस्ट में जो भी सामने आता है, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
Chamba: युवती के अपहरण मामले में गिरफ्तार शिक्षक निलंबित, शिक्षा निदेशालय ने की कार्रवाई