चंबा। एचआरटीसी चंबा डिपो में बसों की कमी के साथ अब स्पेयर पार्ट की कमी भी परेशानी बढ़ा रही है। कलपुर्जे उपलब्ध न होने के कारण खराब बसों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। इससे निगम की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वर्कशॉप में करीब पांच बसें मरम्मत के इंतजार में खड़ी हैं। इसके अलावा, सलूणी, बनीखेत, सिहुंता, पुखरी और भुनाड़ में भी चार बसें एक सप्ताह से अधिक समय से खराब हैं। लगभग एक माह से स्पेयर पार्ट की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रही है। इससे वर्कशॉप में खड़ी बसों को दुरुस्त करने में कर्मचारियों को कठिनाई हो रही है। पहले जरूरत पड़ने पर दूसरी बसों से कलपुर्जे निकालकर लगाए जाते थे। अब ऐसा भी नहीं किया जा रहा है, जिससे मरम्मत का काम लंबा खिंच रहा है।
निगम प्रबंधन का कहना है कि पीछे से ही स्पेयर पार्ट की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। एचआरटीसी चंबा के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि आपूर्ति सुचारु रहती है लेकिन हर सप्ताह मुख्यालय से मांग के अनुरूप कम सामान पहुंच रहा है। इसके लिए मांग भेजी गई है। उन्होंने जल्द स्पेयर पार्ट उपलब्ध होने की उम्मीद जताई है।