चंबा। न्यू बस स्टैंड चंबा से भाला रूट पर चलने वाली सरकारी बस रोजाना एक घंटा देरी से रवाना हो रही है। इस कारण विभिन्न स्टेशनों में बस का इंतजार करने वाले विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग देर रात अपने घरों में पहुंच रहे हैं।
यात्री मनु कुमार, अशोक कुमार, मान सिंह, विक्की, त्रिलोक, शेर सिंह और जय सिंह ने बताया कि बस स्टैंड चंबा से भाला रूट के लिए सायं 5:30 बजे हिमाचल परिवहन निगम की बस रवाना होने का समय निर्धारित है, लेकिन अब यह बस रोजाना शाम 6:30 बजे के करीब रवाना हो रही है।
इससे सुल्तानपुर, बालू, पावर हाउस, फुलणूटाला और लुडेरा समेत अन्य बस स्टॉप पर बसों का इंतजार करने वाले लोग परेशान हैं। रात के समय भाला बस स्टॉप से कई लोग मीलों का सफर तय कर अपने घरों को पैदल कूच कर रहे हैं। लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से आग्रह किया है कि इस बस को समय पर भिजवाया जाए, जिससे सवारियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस की मरम्मत के कारण कई बार इस प्रकार की समस्या पेश आती है। लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए अब बस को समय पर रूट से रवाना करने की व्यवस्था की जाएगी।