सलूणी (चंबा)। चंबा‑सलूणी‑भड़ेला रूट पर तीन माह बाद भी सरकारी बस सेवा बंद है, जिससे इलाके की लगभग 10 पंचायतों में रहने वाले ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। ग्राम पंचायत डियूर, डांड, पिछला डियूर, कधंवारा, भड़ेला और सलूणी आदि क्षेत्रों के लोग रोजमर्रा के काम, स्कूल, अस्पताल और बाजार जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
यह बस रूट दोपहर 2:00 बजे रूट पर निकलती थी, लेकिन अब सेवा बंद होने से क्षेत्रवासियों को गहरी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चैन लाल, प्रेम सिंह, मान सिंह, चतर सिंह, ध्यान सिंह और कर्म चंद आदि ने परिवहन निगम (एचआरटीसी) से बस सेवा को तुरंत बहाल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समस्या का निवारण नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन का रास्ता भी अपना सकते हैं। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने बताया कि भड़ेला की ओर एक बड़ा पत्थर सड़क पर गिर गया है। इसे हटाने के बाद ही बस सेवा पुन: शुरू करवाई जाएगी।
मार्ग बंद होने के कारण अभी तक बस सेवा सुचारु नहीं की जा सकी है। मार्ग बहाल होने पर विभागीय एनओसी के बाद ही बस सेवा आरंभ की जाएगी। शुगल सिंह, डीडीएम, एचआरटीसी चंबा